शिवम अग्निहोत्री
गरीबों, महिलाओं, दिव्यांगों, बच्चों और श्रमिकों को मिलेगी विधिक सहायता
तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय में होगी समीक्षा बैठक
ललितपुर। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय सुलभ कराने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के उद्देश्य से एक नवंबर 2026 को जनपद ललितपुर में विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इस शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी। शिविर में समाज के निर्बल वर्गों, दिव्यांगजनों, बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों के माध्यम से लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं से जोडऩे और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) देवप्रिय सारस्वत द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, शिविर में प्रतिभाग करने वाले संबंधित विभागों से उनके स्टॉलों पर उपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम तथा योजनाओं से लाभान्वित किए जाने वाले पात्र व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके लिए 24 अक्टूबर 2026 तक विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में जिला पूर्ति अधिकारी, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी है। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने, आवेदन प्रक्रिया समझाने और उन्हें लाभ दिलाने के लिए आवश्यक समन्वय किया जाएगा। मेगा शिविर के माध्यम से विधिक जागरूकता के साथ महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे आपसी समन्वय के साथ शिविर की तैयारियां पूरी करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। शिविर की तैयारियों की समीक्षा और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए 24 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 4.30 बजे जनपद न्यायालय सभागार कक्ष में बैठक निर्धारित की गई है। बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान/मेगा कैंप के नोडल अधिकारी तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता प्रस्तावित है। बैठक में शिविर की तैयारियों, विभागीय जिम्मेदारियों, पात्र लाभार्थियों के चयन, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विधिक मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से संबंधित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

