शिवम अग्निहोत्री
ललितपुर सेवा ग्रुप के माध्यम से किया रक्तदान
अध्यक्ष अंकुर जैन सानू बाबा ने की सराहना
ललितपुर। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग तरह-तरह से खुशियां मनाते हैं, लेकिन पत्रकार व ग्रुप सदस्य अमित जैन मोनू ने अपने जन्मदिन पर रक्तदान कर समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल पेश की। उन्होंने ललितपुर सेवा ग्रुप के माध्यम से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश दिया। उनके इस कार्य ने लोगों को जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर सामाजिक सरोकारों से जुडऩे की प्रेरणा दी। अध्यक्ष अंकुर जैन सानू बाबा ने उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर रक्तदान करना किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। रक्तदान महादान है, क्योंकि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, बड़ी सर्जरी और गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान रक्त की जरूरत पड़ती है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से ब्लड बैंक में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में भी सहयोग मिलता है। समाज के स्वस्थ एवं रक्तदान के लिए पात्र लोगों को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस दौरान अध्यक्ष अंकुर जैन सानू बाबा, मनोज जैन, विजय पाल, बालमुकुंद साद्य तथा ब्लड बैंक का स्टाफ मौजूद रहा।

