दिनांकः 22 अक्टूबर, 2026
लखनऊ। राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद के निदेशक श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने स्वच्छ मण्डी-शुभ मण्डी अभियान के अन्तर्गत शेष कार्यों को दीवाली से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से गहन अनुश्रवण के लिए तैनात टीमों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।
मण्डी परिषद के निदेशक ने ये निर्देश अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि सभी मंडियों में स्वच्छता एवं सुविधाओं के मानकों का नियमित अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत मंडियों में स्वच्छता, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों को निरंतर बनाए रखा जाए, ताकि किसानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मंडी परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा कूड़े के ढेर, बंद नालियों, जलभराव वाले स्थानों, शौचालयों, नीलामी चबूतरों, दुकानों और किसान विश्राम गृहों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि वर्षभर साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमित अनुश्रवण और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडियों का वातावरण स्वच्छ एवं किसानों के अनुकूल बना रहे।
इससे पहले निदेशक ने फोटोग्राफ्स के माध्यम से अभियान के दौरान प्रदेश की मंडियों में किए गए कार्यों एवं वहां की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। अभियान के दौरान मंडियों के प्रवेश एवं निकास द्वारों की पेंटिंग और साफ-सफाई, नालियों की सफाई, सड़कों एवं भवनों की सफाई तथा कूड़े का निस्तारण कराया गया। इसके अतिरिक्त किसान विश्राम गृहों की साफ-सफाई एवं पेंटिंग, नीलामी चबूतरों की सफाई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, मंडी समिति कार्यालयों की सफाई एवं पेंटिंग तथा मुख्य चहारदीवारी की पेंटिंग के कार्य किए गए।
मंडियों में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उपकरणों की मरम्मत, पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने, शौचालयों की सफाई एवं पेंटिंग तथा विभिन्न योजनाओं को पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित करने जैसे कार्य भी कराए गए।

