दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियां बुधवार शाम मातम में बदल गईं. गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में विसर्जन के लिए निकली ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. ट्रॉली में लगी लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई. करंट की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए. मृतकों में दो सगे भाई लकी (17) और विक्की (18) तथा उनका मौसेरा भाई चंदन (21) शामिल हैं.
घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास की है. यहां दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी. बुधवार शाम करीब पांच बजे लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे. रास्ते में रजही चौराहे के पास ट्रॉली में लगी लोहे की लंबी रॉड हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई. इसके बाद ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे में कुल 10 लोग झुलस गए. तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया.
Spread the love

