Spread the love

पुलिस लाइन से नमो घाट तक 12 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ पीएम नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत

ढोल-नगाड़ों, डमरू की गूंज, शंखनाद और पुष्पवर्षा से पीएम का अभिनंदन

‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा मार्ग

हृदय नारायण पाण्डेय

वाराणसी, 25 अक्टूबर। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वाराणसी में थे। इस दौरान काशी ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक अंदाज में प्रधानमंत्री और अपने सांसद का भव्य स्वागत किया। पुलिस लाइन हेलीपैड से नमो घाट तक करीब आठ किलोमीटर के मार्ग पर जगह-जगह उत्सव जैसा माहौल नजर आया। भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने पुष्पवर्षा कर पीएम मोदी का अभिनंदन किया। काशीवासियों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने कार से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ते में 12 पॉइंट बनाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी, तो कहीं डमरू वादन, शंखनाद और पारंपरिक नृत्य के जरिए काशी की सांस्कृतिक छटा देखने को मिली। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग अपने सांसद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। काशीवासियों ने ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया।

नमो घाट की ओर बढ़ते काफिले के साथ सड़क के किनारे खड़े लोग लगातार अपने मोबाइल कैमरों से प्रधानमंत्री की फोटो खींचते दिखाई दिए। पीएम को देखते ही उनका जोश दोगुना हो जाता था और वे उनके समर्थन में नारे लगाने लगते। एयर शो आयोजन के जोश के बीच प्रधानमंत्री के स्वागत का यह नजारा काशी की सांस्कृतिक परंपरा, जन-भागीदारी और उत्सवी माहौल की जीवंत तस्वीर दर्शाता नजर आया।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!