Spread the love

——-

बाल गृह में ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें

-राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल

——–

लखनऊः 22 अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज कानपुर नगर के स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका), यूनिट-1 का भ्रमण कर वहां रह रही बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बाल गृह में उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न कौशल सीखने, अच्छे संस्कार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने स्वच्छता, आर.ओ. के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सहित अन्य समस्याओं से राज्यपाल जी को अवगत कराया। राज्यपाल जी ने इन समस्याओं के निराकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल जी ने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, रुचियों और सीख रही गतिविधियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न कौशल प्रशिक्षण और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि उनकी प्रतिभा विकसित हो और वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। उन्होंने बालिकाओं को अनुशासन में रहने, अच्छे संस्कार अपनाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और निरंतर नई चीजें सीखने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
बालिकाओं ने अपने कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए ब्यूटी पार्लर, जूडो-कराटे तथा अन्य विविध व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। राज्यपाल जी ने बालिकाओं की रुचियों एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके प्रशिक्षण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को नियमित स्कूली शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उनके कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बाल गृह में ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने जन भवन एवं वाटर पार्क भ्रमण की इच्छा व्यक्त की। इस पर राज्यपाल जी ने संबंधित अधिकारियों को उनके भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जन भवन में संचालित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों से भी बालिकाओं को परिचित कराने को कहा।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने बालिकाओं को उपहार भेंट किए और उनका उत्साहवर्धन किया।
राज्यपाल जी ने बाल गृह के रसोईघर, आवासीय कक्षों और चिकित्सा कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं से भोजन, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। बाल गृह में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए उन्होंने अधिकारियों को बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर सुश्री प्रमिला पांडेय, जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता तथा हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. समशेर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!