कीर्ति नामदेव
बुंदेली व्यंजन मीढ़ा बेसन से बनाई जाने वाली इस खास रेसिपी को सिद्ध गृहणी ही बनाने की कला में निपुण होती है।
मीढ़ा बनाने की विधि।
आवश्यक सामग्री
बेसन का मीडा/ मीढ़ा बनाने के लिए आपको चाहिए होगा 150 ग्राम बेसन, 2 प्याज़ बारीक कटी हुई, 2 टमाटर बारीक कटे हुए, 1 चुटकी हींग, 2 हरी मिर्च, 2 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1/2 चम्मच गरम मसाला, 1 चम्मच छोला मसाला, 1 चम्मच कसूरी मैथी, स्वाद अनुसार नमक, धनिया पत्ती, 3 बड़े चम्मच तेल, 1/2 चम्मच जीरा और 1.5 गिलास पानी।
बनाने की विधि
सबसे पहले बेसन में स्वाद अनुसार नमक, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और हींग मिला दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर हथेली की सहायता से रगड़ते रहें, जिससे कि बेसन के छोटे-छोटे दाने बन जाएं।
अब धीमी आंच पर गैस चालू करके इस पर कढ़ाई रख दें और इसमें 1 चम्मच तेल डाल दें। अब इसमें बेसन डालकर सिकने की महक आने तक अच्छे से भून लें।
बघार लगाने के लिए एक कढ़ाई में तेल डालकर, जीरे और हींग का तड़का लगाकर हरी मिर्च और प्याज़ डाल दें। इसे सुनहरा भुनने के बाद इसमें हल्दी, धनिया और मिर्च पाउडर, गरम मसाला, छोला मसाला, नमक और थोड़ा सा पानी डालकर अच्छे से मिला लें। दस मिनट पकने के बाद इसमें बारीक कटे हुए टमाटर डाल दें। जब मसाला तेल छोड़ दे, तो समझ जाइए कि यह सिक चुका है, और इसमें तैयार किया गया बेसन मिला दें। थोड़ी देर सेंकने के बाद इसमें 1 से 1.5 गिलास पानी डाल दें। उबाल आने के बाद इसमें कसूरी मेथी डाल दें और थोड़ी देर के लिए ढाँक दें।
तैयार है आपके सामने गरमा-गर्म बेसन का मीडा/ मीढ़ा।

