Spread the love

ललितपुर में उर्वरक की 41 दुकानों पर छापेमारी, पांच नमूने लिए
एक विक्रेता की खाद बिक्री पर लगाई रोक
तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस
पीओएस मशीन से निर्धारित दरों पर खाद बेचने के निर्देश
ललितपुर। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर बिक्री और अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों ने 22 अक्टूबर को जिलेभर में उर्वरक बिक्री केंद्रों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान निजी एवं संस्थागत क्षेत्र के थोक और फुटकर उर्वरक विक्रय केंद्रों के साथ बफर गोदामों का भी निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल 41 दुकानों की जांच की गई और उर्वरक के पांच नमूने अधिग्रहीत किए गए। जिला कृषि अधिकारी की ओर से बताया गया है कि शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी के कार्यालय आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं को नियमानुसार खाद की बिक्री करने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। छापेमारी के दौरान उर्वरकों के रखरखाव और बिक्री व्यवस्था में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई। महरौनी क्षेत्र के किसरदा स्थित मैसर्स जय करौली सरकार के उर्वरक विक्रय पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई। इसके अलावा नियमों की अनदेखी करने वाले तीन उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित विक्रेताओं को अनियमितताओं के संबंध में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के उर्वरक निबंधन प्रमाणपत्र निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। संयुक्त टीमों ने सभी निजी एवं संस्थागत उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद की बिक्री अनिवार्य रूप से पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन के माध्यम से निर्धारित दरों पर ही की जाए। विक्रेताओं को स्टॉक के रखरखाव और बिक्री संबंधी नियमों का पालन करने के लिए भी निर्देशित किया गया। कृषि विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराना तथा खाद की कालाबाजारी और मनमानी बिक्री पर रोक लगाना है। विभाग ने संकेत दिया है कि उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की निगरानी की जाएगी और अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!