Spread the love

सुरेन्द्र अग्निहोत्री

लखनऊ: 21 अक्टूबर, 2026

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में बुधवार को एक दिवसीय वृहद प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की रोजगारोन्मुखी सोच के अनुरूप युवाओं को प्रतिष्ठित निजी औद्योगिक इकाइयों में सेवायोजित करने के उद्देश्य से आयोजित इस रोजगार मेले में टाटा मार्काेपोलो, अडानी पावर, एयरटेल सहित 8 प्रमुख कंपनियों ने सहभागिता की और 325 कुशल अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया।
प्लेसमेंट ड्राइव के अवसर पर लखनऊ मण्डल के संयुक्त निदेशक यज्ञदेव सिंह ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास और उन्हें निजी क्षेत्र में बेहतर एवं सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों से अधिकाधिक अभ्यर्थियों को सेवायोजित करने का आग्रह किया। साथ ही चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उन्हें निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण कर अपने सुरक्षित व आत्मनिर्भर भविष्य की नींव रखने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खाँ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न जनपदों से कुल 570 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के चयन पैनल द्वारा दस्तावेजों व तकनीकी अर्हता के परीक्षण के उपरांत 445 योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संपन्न हुआ। इसके बाद 8 कंपनियों द्वारा कुल 325 अभ्यर्थियों को विभिन्न तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों हेतु चयनित किया गया। चयनित युवाओं को कंपनियों द्वारा लगभग ₹16,225 से ₹22,000 प्रतिमाह तक का वेतनमान एवं अन्य देय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
इस वृहद प्लेसमेंट ड्राइव के सफल एवं सुचारु आयोजन में आईटीआई संस्थान के अनुदेशक ज़ेड. रहमान, मकबूल कादिर तथा ग्रेसिम लर्निंग्स फाउंडेशन के समस्त स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!