Spread the love

योगी सरकार ने बदले आपदा राहत के मानक, फसल नुकसान के मुआवजे में 25 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी, 10 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देते हुए आपदा राहत राशि के मानकों में बदलाव किया है। अब प्राकृतिक आपदा में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को चार लाख रुपये के स्थान पर आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही फसल नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे की राशि में भी 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 10 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। एक अप्रैल से चार नवंबर तक प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान की भरपाई भी नए मानकों के अनुसार की जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत पशुधन की क्षति पर भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। बड़े पशुओं की मृत्यु होने पर अब 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं बकरी, भेड़ और सूअर की मृत्यु पर 5,500 रुपये तथा घोड़े और खच्चर की मृत्यु पर 25,400 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

मुर्गीपालकों को भी राहत देते हुए प्रति मुर्गी मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 130 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा आपदा से प्रभावित प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए 15.50 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों, पशुपालकों और अन्य परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा आपदा के कारण हुए नुकसान की भरपाई में मदद करना है।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!