शिवम अग्निहोत्री
पूराकलां पुलिस की कार्रवाई, बुदावनी गांव के रहने वाले हैं तीनों आरोपी, चोरी के मुकदमे में थे वांछित
ललितपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पूराकलां पुलिस ने बीएसएनएल टावर की पावर केबल चोरी के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम बीएसएनएल टावर की पावर केबल बरामद की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। ग्राम विजयपुरा स्थित बीएसएनएल टावर से वीटीएस पावर की केबल चोरी होने की शिकायत मिली थी। तालबेहट निवासी नरेश कुमार सिंह पुत्र भागीरथ श्रीवास ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर थाना पूराकलां में मुकदमा अपराध संख्या 148/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने 23 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए ग्राम बुदावनी निवासी बृजेन्द्र सिंह पुत्र महाराज सिंह, प्रिंस पुत्र अतर सिंह और अनेक पुत्र आनंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की करीब 10 किलोग्राम बीएसएनएल टावर की पावर केबल बरामद होने की जानकारी दी है। यह कार्रवाई एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह तथा क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक राजनारायण सिंह, कांस्टेबल विष्णु प्रताप सिंह और कांस्टेबल सतेन्द्र कन्तल शामिल रहे।

