लखनऊ। राजधानी में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। महज दो दिनों में डेंगू के 36 नए मरीज सामने आए हैं। 20 अक्टूबर को 11 और 21 अक्टूबर को 25 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।
शहर में पिछले दिनों हुए जलभराव, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और बढ़ती गंदगी को मच्छरों के बढ़ते प्रकोप की बड़ी वजह माना जा रहा है। करीब 15 दिनों से कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से मच्छरों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जलभराव और गंदगी के कारण डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है।
वहीं, डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच नगर निगम की फागिंग व्यवस्था लगभग ठप नजर आ रही है। शहर के कई इलाकों में नियमित फागिंग नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। आरोप है कि नगर निगम का ध्यान अपनी मूल जिम्मेदारियों से हटकर अन्य मामलों में उलझा हुआ है, जबकि शहर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में भले ही अभी गंभीर मरीजों की संख्या सामने नहीं आई हो, लेकिन दो दिनों में 36 नए मामलों ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि समय रहते जलभराव वाले स्थानों की सफाई, कूड़ा उठान और प्रभावी फागिंग नहीं की गई तो डेंगू के मामले और तेजी से बढ़ सकते हैं।
Spread the love

