Spread the love

लखनऊः  27 अक्टूबर, 2026
टेक्सटाइल, परिधान और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाएं तलाशने के लिए उत्तर प्रदेश ने देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ संवाद तेज कर दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का ध्येय है कि पारंपरिक उत्पादन से आगे बढ़कर उच्च मूल्यवर्धित विनिर्माण, आधुनिक प्रसंस्करण और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित किया जायेगा। इसी क्रम में मुंबई में आयोजित उद्योग गोलमेज बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश और कारोबारी विस्तार की संभावनाओं पर विशेष मंथन हुआ है।
इस बैठक में विभिन्न औद्योगिक समूहों और विनिर्माण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, मौजूदा कारोबार के विस्तार और टेक्सटाइल क्षेत्र में नई गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े पहलुओं पर विचार किया गया। साथ ही, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में कपड़ा और परिधान उद्योग को व्यापक औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। टेक्सटाइल प्रसंस्करण, तकनीकी वस्त्र, उन्नत सामग्री, उत्पाद विकास और अनुसंधान एवं विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश से उत्पादन की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में संभावनाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
लखनऊ के निकट प्रस्तावित पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क को इस दिशा में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। एकीकृत औद्योगिक सुविधाओं के विकास से कपड़ा उत्पादन, प्रसंस्करण और अन्य संबंधित गतिविधियों को एक ही औद्योगिक परिवेश में विकसित करने में मदद मिल रही है। इससे उद्योगों को अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और बाजार की मांग के अनुरूप कारोबार का विस्तार करने का अवसर मिलेगा।
टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश बढ़ने का असर संबंधित उद्योगों पर भी पड़ेगा। कच्चे माल की आपूर्ति, पैकेजिंग, परिवहन और अन्य सहायक गतिविधियों में मांग बढ़ने से छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
प्रदेश सरकार ने निवेशकों की अपेक्षाओं, परिचालन संबंधी जरूरतों और कारोबार विस्तार में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के निस्तारण की जानकारी दी। औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, बुनियादी ढांचे, नीतिगत प्रोत्साहनों और निवेशक सहायता से जुड़े विषय प्रमुख रहे। कंपनियों की जरूरतों को समझकर निवेश संबंधी सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।
निवेश आकर्षित करने के लिए केवल प्रोत्साहन नीतियां पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि औद्योगिक भूमि, परिवहन संपर्क, जरूरी बुनियादी सुविधाओं और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होती है। उत्तर प्रदेश में इन पहलुओं को बेहतर बनाने के साथ कारोबार शुरू करने और उसका विस्तार करने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
राज्य में 36 से अधिक क्षेत्र-विशिष्ट नीतियां लागू हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी, विस्तारित औद्योगिक बुनियादी ढांचे और कारोबार संबंधी प्रक्रियाओं में सुधार से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बल मिल रहा है। विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती के लिए उत्पादन से लेकर तैयार उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। कच्चे माल की उपलब्धता, प्रसंस्करण सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और बाजार तक पहुंच बेहतर होने से उद्योगों की लागत और परिचालन दक्षता में सुधार हो रहा है।
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार बड़े निवेशकों के साथ छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए भी नए अवसर खोल सकता है। स्थानीय इकाइयों को बड़ी कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने और उत्पादन संबंधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने से औद्योगिक विकास को व्यापक आधार मिल रहा है। उत्तर प्रदेश का लक्ष्य निवेश को वास्तविक औद्योगिक गतिविधियों में बदलना, उत्पादन क्षमता का विस्तार करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। टेक्सटाइल, परिधान और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश बढ़ने से राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को भी गति मिलेगी।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!