शिवम अग्निहोत्री
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रजवारा में मछली मार्केट के पास एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने छुरी से युवक के सीने, पीठ और कमर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम कल्यानपुरा निवासी रूपलाल उर्फ प्यारेलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी सुमित्रा, पुत्र राजकुमार और उसके मित्र कल्यान के साथ दो मोटर साइकिलों से खाद लेने ललितपुर आए थे। खाद नहीं मिलने के कारण सभी शाम को वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे ग्राम रजवारा स्थित मछली मार्केट के पास राजकुमार अपने मित्र कल्यान के साथ मछली खरीदने के लिए रुक गया। इस दौरान रूपलाल और उनकी पत्नी भी दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान ग्राम रजवारा निवासी संजय पुत्र शंकर रैकवार वहां पहुंचा और राजकुमार को गाली देने लगा। राजकुमार ने इसका विरोध करते हुए गाली देने से मना किया तो आरोपी कथित तौर पर आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने दुकान पर रखी छुरी उठाकर राजकुमार के सीने, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में राजकुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। राजकुमार की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता रूपलाल, मां सुमित्रा, मित्र कल्यान और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इसके बाद परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ललितपुर ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी ग्राम रजवारा निवासी संजय पुत्र शंकर रैकवार के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 118(1) के तहत मामला पंजीकृत किया है।

