लखनऊ: 03 नवम्बर, 2026
प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण युवाओं को राष्ट्र के विकास की मुख्य धारा से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराने हेतु राष्ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं (पुरुष/महिला) को व्यक्तिगत श्रेणी में विवेकानन्द यूथ एवॉर्ड (वित्तीय वर्ष 2026-27) प्रदान किया जायेगा।
इस एवॉर्ड के लिए खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर उर्जा संयत्र स्थापना, स्वच्छता कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबन्धन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति और साहित्य, मानवधिकारों को बढ़ावा देना, पर्यटन, पारम्परिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल और शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग आदि के क्षेत्र में युवाओं द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य के आधार पर प्रस्तावों को जनपद स्तरीय निर्धारित समिति द्वारा चयन करके महानिदेशालय प्रेषित किया जाना है।
दिनांक 01 अप्रैल, 2023 से 31 मार्च, 2026 तक किये गये कार्यों के आधार पर, ऐसे युवा जिनकी आयु 15 से 35 वर्ष के मध्य हो (जिसका निर्धारण के 01 जनवरी को नामांकन के समय के अनुसार होगा) उन्हे विवेकानन्द यूथ एवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी हेतु) दिये जाने हेतु, प्रस्ताव आमंत्रित किये जा रहे है। राज्य स्तर पर चयनित होने पर एक पदक, एक प्रमाण-पत्र, स्वामी विवेकानन्द की एक प्रतिमा तथा धनराशि रू0-50,000/- (रूपये पचास हजार) मात्र का पुरस्कार प्रदान किये जाने की व्यवस्था है। प्रस्ताव दिनाँक-30.11.2026 तक कार्यालय- जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, विकास भवन, तृतीय तल, इन्दिरा नगर, लखनऊ में प्राप्त किये जायेंगे।
आवेदन पत्र, प्रारूप एवं अन्य विवरण कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिये श्री आशीष मिश्रा, मोबाइल नम्बर-9455999905 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

