Spread the love

सुरेन्द्र अग्निहोत्री

लखनऊ, 03 नवम्बर 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी-2026) मंगलवार को प्रदेश के 06 मंडल मुख्यालयों पर पूर्ण शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शी व्यवस्था के साथ सकुशल संपन्न हो गई। आयोग के विज्ञापन संख्या 03/2026 के अंतर्गत यह लिखित परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा के निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। इसके अंतर्गत कक्षा 1 से 5 हेतु प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा कक्षा 6 से 8 के लिए द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्विघ्न वातावरण में आयोजित की गई।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम (AI Integrated Control Command Room) से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। परीक्षा अवधि में आयोग के सदस्यों, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में केंद्रों पर लगे एआई कैमरों और विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षार्थियों की प्रत्येक गतिविधि पर सतत दृष्टि रखी गई। इस हाईटेक निगरानी का ही परिणाम रहा कि मंडल मुख्यालय लखनऊ स्थित परीक्षा केंद्र ‘बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड’ पर एक फर्जी परीक्षार्थी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जो किसी अन्य वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा में बैठा हुआ था। उक्त फर्जी परीक्षार्थी के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने परीक्षा में सहभागिता के आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि दोनों पालियों को मिलाकर कुल 93,681 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जो कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों का 87.92 प्रतिशत है। प्रथम पाली (कक्षा 1 से 5) में पंजीकृत 58,353 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 50,666 (86.80 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली (कक्षा 6 से 8) में पंजीकृत 48,194 अभ्यर्थियों में से 43,015 (89.25 प्रतिशत) परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89.25 प्रतिशत तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89.28 प्रतिशत दर्ज की गई।

आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा अत्यंत शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परीक्षा के शुचितापूर्ण, सफल एवं निर्विघ्न संचालन के लिए संबंधित सभी मंडलों व जनपदों के जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के सक्रिय, सजग एवं सराहनीय सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

You may be interested

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!