लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज एवं क्रिश्चियन ट्रेनिंग कॉलेज में प्राचार्य, असिस्टेंट प्रोफेसर और क्लर्क के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर शिकायत सामने आई है। ‘संपत्ति अधिकार एवं धार्मिक सुरक्षा ट्रस्ट’ की ओर से मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में दी गई शिकायत के बाद क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. अश्विनी कुमार मिश्र ने उच्च शिक्षा निदेशक (प्रयागराज) को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी, पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े प्रकरणों की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा द्वारा भी कॉलेज प्रबंधक को पत्र भेजकर चयन प्रक्रिया से संबंधित नियमों के अनुपालन पर आख्या मांगी गई है। हालांकि, ‘लखनऊ वाले’ इन आरोपों की पुष्टि नहीं करता है; मामले की निष्पक्ष जांच और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।
मुख्य बातें:
नियुक्तियों पर शिकायत: लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग को पत्र: क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. अश्विनी कुमार मिश्र ने निदेशक, उच्च शिक्षा (प्रयागराज) को कार्यवाही हेतु पत्र भेजा।
विश्वविद्यालय ने मांगी आख्या: लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलसचिव ने भी नियमों के अनुपालन के संदर्भ में जानकारी मांगी है।
Spread the love

